व्यापार

शेयर बाजार में लगातार पांचवें दिन गिरावट, सेंसेक्स 281 अंक टूटा

नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट देखने को मिली। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक परिस्थितियों के बीच निवेशकों का रुख सतर्क बना रहा। कारोबार के अंत में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई सेंसेक्स 281.09 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,728.16 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई का निफ्टी-50 इंडेक्स 78.35 अंक यानी 0.32 प्रतिशत फिसलकर 24,287.65 अंक पर पहुंच गया। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक ऊर्जा लागत में बढ़ोतरी का असर आने वाले समय में कंपनियों के मुनाफे और बाजार की दिशा पर पड़ सकता है।

आईटी शेयरों पर सबसे ज्यादा दबाव

क्षेत्रीय सूचकांकों की बात करें तो निफ्टी आईटी में 1.84 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी फार्मा 0.31 प्रतिशत और पीएसयू बैंक 0.12 प्रतिशत नीचे रहे। दूसरी ओर निफ्टी मेटल में 1.39 प्रतिशत, मीडिया में 0.42 प्रतिशत और ऑटो इंडेक्स में 0.23 प्रतिशत की तेजी रही। निफ्टी प्राइवेट बैंक भी 0.69 प्रतिशत चढ़ा।

निफ्टी-50 में हिंडाल्को, टाटा स्टील, एचडीएफसी लाइफ, ओएनजीसी, एक्सिस बैंक और एलएंडटी बढ़त वाले प्रमुख शेयर रहे। वहीं एचसीएल टेक, इंफोसिस, सन फार्मा, टीसीएस और नेस्ले इंडिया में गिरावट दर्ज की गई।

कच्चे तेल की कीमतों ने बढ़ाई चिंता

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार भारत के लिए कच्चे तेल की ऊंची कीमतें चिंता का विषय बनी हुई हैं, क्योंकि देश अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है। ऊर्जा लागत में लगातार बढ़ोतरी से कंपनियों की लागत और लाभ मार्जिन प्रभावित हो सकते हैं। रिपोर्ट के समय ब्रेंट क्रूड करीब 1.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 89.42 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक आर्थिक आंकड़ों और ब्याज दरों को लेकर उम्मीदों के बीच बाजार पर तेल की कीमतों का दबाव फिलहाल बना रह सकता है।

सोने-चांदी में भी तेजी

शेयर बाजार में गिरावट के बीच सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेजी रही। 24 कैरेट सोना 0.41 प्रतिशत बढ़कर 1,55,139 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 0.56 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,37,254 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई।

Related Articles

Back to top button