उत्तराखंड

एसजीआरआरयू के दीक्षारंभ का भव्य समापन, रेन डांस पर जमकर थिरके छात्र-छात्राएं

‘शिक्षा के साथ संस्कार और सेवा जरूरी’, महंत देवेंद्र दास ने नवप्रवेशी छात्रों को दिया संदेश

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए आयोजित तीन दिवसीय ‘ज्ञानयात्रा-दीक्षारंभ’ कार्यक्रम का बुधवार को रंगारंग अंदाज में समापन हुआ। 17 से 19 अगस्त तक चले आयोजन में देशभर से पहुंचे विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सहशैक्षणिक गतिविधियों से रूबरू कराया गया। अंतिम दिन श्री गुरु राम राय हैलीपैड ग्राउंड पर डीजे, रेन डांस और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों ने विद्यार्थियों में खासा उत्साह भर दिया।

सुबह से ही हैलीपैड ग्राउंड पर विद्यार्थियों की चहल-पहल शुरू हो गई थी। हरियाली और प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित कार्यक्रम में हजारों छात्र-छात्राओं ने जमकर मस्ती की। डीजे की तेज धुनों पर युवाओं ने नृत्य किया और रेन डांस का भी खूब आनंद लिया। संगीत, पानी की फुहारों और युवाओं के उत्साह से पूरा परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।

शिक्षा के साथ संस्कार और सेवा पर जोर

विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट महंत देवेंद्र दास महाराज ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण करना भी है। उन्होंने छात्रों से अनुशासन, संस्कार और समाज सेवा की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन और कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने संयुक्त रूप से किया। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय में प्रवेश विद्यार्थियों के जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने छात्रों से अपने लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने की अपील की।

डीजे और रेन डांस बना आकर्षण

समापन समारोह में डीजे साजी की प्रस्तुति ने माहौल को और जोशीला बना दिया। लोकप्रिय गीतों और हाई-वोल्टेज बीट्स पर छात्र-छात्राएं देर तक झूमते रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रेन डांस रहा। पानी की फुहारों के बीच संगीत पर विद्यार्थियों ने जमकर डांस किया और इस पल को यादगार बनाया।

हैलीपैड ग्राउंड की प्राकृतिक खूबसूरती, सजावट और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की भव्यता बढ़ा दी।

मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन पर भी चर्चा

कार्यक्रम के दौरान श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के मनोरोग विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ. शोभित गर्ग ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान तनाव और मानसिक दबाव से निपटने के उपाय बताए। उन्होंने छात्रों को तनाव प्रबंधन से जुड़े व्यावहारिक सुझाव दिए।

विद्यार्थियों को श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा एवं उपलब्धियों से संबंधित वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से संस्थान की गतिविधियों की जानकारी भी दी गई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

दीक्षारंभ कार्यक्रम में बॉलीवुड के साथ गढ़वाली, पंजाबी, भोजपुरी और नेपाली गीत-संगीत की प्रस्तुतियां भी हुईं। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। डॉ. जी. गणराजन ने विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज का संदेश पढ़कर सुनाया, जबकि डॉ. कंचन नेगी ने प्रेरणादायक व्याख्यान दिया।

कार्यक्रम का समापन संयोजिका प्रोफेसर डॉ. मालविका कांडपाल के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, विभिन्न स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button