Samsung ने लॉन्च किए Galaxy Buds On, क्लिप-ऑन डिजाइन के साथ 9.5 घंटे तक प्लेबैक का दावा

नई दिल्ली। Samsung ने अपने ऑडियो डिवाइस पोर्टफोलियो में नया Galaxy Buds On पेश किया है। कंपनी का यह पहला क्लिप-ऑन वायरलेस ईयरफोन है, जिसे ओपन-ईयर डिजाइन के साथ तैयार किया गया है। इसका मतलब है कि इसे कान के अंदर फिट करने के बजाय बाहर की तरफ क्लिप की तरह पहना जाता है, जिससे म्यूजिक या कॉल के दौरान आसपास की आवाजें भी सुनी जा सकती हैं।
Samsung के मुताबिक Galaxy Buds On की कीमत दक्षिण कोरिया में KRW 299,000 यानी करीब 21 हजार रुपये रखी गई है। इसकी बिक्री 27 अक्टूबर से दक्षिण कोरिया में ब्लैक कलर ऑप्शन में शुरू होगी। इसके बाद इसे अन्य वैश्विक बाजारों में भी पेश किया जाएगा।
Galaxy Buds On में क्लिप-ऑन डिजाइन के साथ चौड़ा स्ट्रक्चर और एडजस्टेबल बैंड दिया गया है। कंपनी का कहना है कि अलग-अलग कानों की बनावट को ध्यान में रखते हुए स्पीकर और बैटरी की स्थिति तय की गई है। ओपन डिजाइन की वजह से यूजर आसपास की आवाजों से अवेयर रह सकता है।
ऑडियो के लिए इसमें Samsung के TwinBoost स्पीकर्स और ऑटोमैटिक वॉल्यूम कंट्रोल दिया गया है। इसके अलावा Audio Leakage Reduction टेक्नोलॉजी भी मिलती है, जिसका उद्देश्य ईयरफोन से निकलने वाली आवाज को आसपास के लोगों तक कम पहुंचाना है। कंपनी ने इसमें Qualcomm Snapdragon S7 Gen 1 साउंड प्लेटफॉर्म और क्लास-D एम्पलीफायर का इस्तेमाल किया है।
Samsung का दावा है कि Galaxy Buds On एक बार फुल चार्ज होने पर 9.5 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक दे सकता है।
कॉलिंग के लिए ईयरफोन में तीन माइक्रोफोन, बोन-कंडक्शन वॉयस पिकअप सेंसर और मशीन लर्निंग आधारित तकनीक दी गई है। कंपनी के मुताबिक यह सिस्टम आसपास के शोर को कम करके कॉल के दौरान आवाज को स्पष्ट रखने में मदद करता है।
Galaxy Buds On को कम्पैटिबल Galaxy AI डिवाइसेज के साथ इस्तेमाल किया जा सकता है। यूजर वॉयस कमांड के जरिए Gemini Live शुरू करने, Quick Voice Memo में नोट रिकॉर्ड करने जैसे काम कर सकता है। हेड जेस्चर के जरिए कॉल रिसीव करने, अलार्म बंद करने और नोटिफिकेशन देखने जैसे विकल्प भी दिए गए हैं।
चार्जिंग केस खोलने पर Buds On को Galaxy फोन या टैबलेट से कनेक्ट किया जा सकता है। Samsung के अनुसार वॉल्यूम और इक्वलाइजर जैसी सेटिंग्स फोन की सेटिंग्स या क्विक पैनल से बदली जा सकती हैं।
कंपनी ने फिलहाल इसके ड्राइवर साइज, ब्लूटूथ वर्जन, कोडेक्स और चार्जिंग स्पीड समेत कुछ प्रमुख तकनीकी स्पेसिफिकेशन की पूरी जानकारी साझा नहीं की है। इनकी विस्तृत जानकारी बिक्री शुरू होने के समय सामने आने की उम्मीद है।




