तकनीकी

Power Bank Safety Tips: पावर बैंक इस्तेमाल करते हैं तो इन गलतियों से बचें, वरना हो सकता है बड़ा हादसा

नई दिल्ली- आज के समय में पावर बैंक स्मार्टफोन और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को कहीं भी चार्ज करने के लिए काफी उपयोगी गैजेट बन चुका है। हालांकि, इसमें लगी बैटरी के कारण इसके इस्तेमाल और रखरखाव में सावधानी बरतना भी जरूरी है। गलत जगह रखने या क्षतिग्रस्त पावर बैंक का इस्तेमाल करने से ओवरहीटिंग, बैटरी फूलने और आग लगने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में पावर बैंक को इस्तेमाल के बाद सही तरीके से स्टोर करना बेहद जरूरी है।

पावर बैंक को तेज धूप वाली जगह या बंद कार के अंदर छोड़ना नुकसानदायक हो सकता है। खासकर कार के डैशबोर्ड पर इसे रखने से बचना चाहिए। ज्यादा तापमान के कारण बैटरी गर्म होकर फूल सकती है और गंभीर स्थिति में आग लगने या बैटरी फटने का खतरा बढ़ सकता है।

पावर बैंक को चार्ज करते समय उसके ऊपर तकिया, चादर या कपड़े रखना भी जोखिम भरा हो सकता है। चार्जिंग के दौरान डिवाइस गर्म होता है और ढक जाने पर गर्मी बाहर नहीं निकल पाती। इससे ओवरहीटिंग की स्थिति पैदा हो सकती है।

अगर पावर बैंक गिरने के बाद क्षतिग्रस्त हो गया है या उसकी बैटरी फूल गई है, तो उसे दोबारा इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। ऐसी बैटरी अंदर से खराब हो सकती है और इस्तेमाल के दौरान सुरक्षा संबंधी समस्या पैदा कर सकती है।

कम कीमत के चक्कर में बिना भरोसे वाले या खराब गुणवत्ता वाले पावर बैंक खरीदना जोखिम भरा हो सकता है। अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पाद में ओवरचार्जिंग, शॉर्ट सर्किट और ओवरहीटिंग से सुरक्षा के लिए जरूरी फीचर्स मौजूद होने की संभावना अधिक होती है। खरीदारी करते समय विश्वसनीय ब्रांड और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखें।

पावर बैंक कहां रखें?

पावर बैंक को हमेशा सूखी, ठंडी और हवादार जगह पर रखना बेहतर है। इसे सीधी धूप और गर्मी से दूर रखें। कपड़ों, तकिए या अन्य आसानी से आग पकड़ने वाली चीजों के बीच रखने के बजाय किसी सुरक्षित और गैर-ज्वलनशील सतह पर रखना चाहिए। अगर पावर बैंक का लंबे समय तक इस्तेमाल नहीं करना है, तो उसे पूरी तरह खाली या पूरी तरह फुल चार्ज रखने के बजाय मध्यम स्तर पर चार्ज करके स्टोर करना बेहतर माना जाता है।

पावर बैंक चार्ज करते या इस्तेमाल करते समय अगर असामान्य रूप से ज्यादा गर्म हो रहा है, तो उसे तुरंत इस्तेमाल करना बंद कर दें। इसी तरह गिरने के बाद अगर डिवाइस के अंदर से कोई असामान्य आवाज सुनाई देती है या बॉडी में टूट-फूट नजर आती है, तो उसे इस्तेमाल न करें।

घर में पावर बैंक को रखने और चार्ज करने के लिए एक सुरक्षित स्थान तय करना भी अच्छा विकल्प है। इस जगह के आसपास कपड़े, कागज या दूसरी ज्वलनशील वस्तुएं नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा चार्जिंग के दौरान पावर बैंक को दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के बीच दबाकर या सटाकर रखने से भी बचना चाहिए। थोड़ी सी सावधानी बरतकर पावर बैंक से जुड़े संभावित हादसों के जोखिम को कम किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button