तकनीकी

Facebook हुआ हैक तो घबराएं नहीं! इन आसान स्टेप्स से वापस पाएं अपना अकाउंट और सुरक्षित करें डेटा

नई दिल्ली- फेसबुक अकाउंट हैक होना यूजर के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। अकाउंट का एक्सेस किसी दूसरे व्यक्ति के पास जाने पर निजी फोटो, कॉन्टैक्ट्स, मैसेज और दूसरी जानकारी का गलत इस्तेमाल होने का खतरा रहता है। हालांकि, कुछ संकेतों से अकाउंट में हुई संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सकता है और रिकवरी के जरिए दोबारा एक्सेस हासिल किया जा सकता है।

अगर आपकी अनुमति के बिना फेसबुक प्रोफाइल पर पोस्ट या कमेंट किए जा रहे हैं, प्रोफाइल फोटो बदली गई है या पासवर्ड और कॉन्टैक्ट डिटेल्स में बदलाव हुआ है, तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए। इसी तरह किसी अनजान डिवाइस या जगह से लॉगिन का अलर्ट मिलना, ईमेल या मोबाइल नंबर हटना अथवा नया नंबर जुड़ना भी अकाउंट से छेड़छाड़ का संकेत हो सकता है।

अकाउंट रिकवर करने के लिए पहले ये तरीके आजमाएं

फेसबुक अकाउंट रिकवर करने के लिए ऐसे फोन, कंप्यूटर या दूसरे डिवाइस का इस्तेमाल करना बेहतर है, जिससे पहले आपके अकाउंट में लॉगिन किया गया हो। रिकवरी के दौरान उस मोबाइल नंबर या ईमेल एड्रेस को दर्ज करके देखें, जो आपके अकाउंट से जुड़ा हो सकता है। मोबाइल नंबर डालते समय कंट्री कोड के साथ भी प्रयास किया जा सकता है।

अगर ईमेल अकाउंट का एक्सेस भी नहीं मिल रहा है तो संबंधित ईमेल प्रोवाइडर से संपर्क कर उसका एक्सेस वापस लेने की कोशिश करें।

अकाउंट मिल जाए तो तुरंत बदलें पासवर्ड

फेसबुक अकाउंट का एक्सेस वापस मिलने के बाद सबसे पहले पासवर्ड बदलना चाहिए। इसके लिए फेसबुक में लॉगिन करने के बाद प्रोफाइल पिक्चर पर जाएं और Settings & Privacy के जरिए Accounts Center खोलें। यहां Password and Security में जाकर Change Password का विकल्प चुनकर नया पासवर्ड सेट किया जा सकता है।

पासवर्ड ऐसा रखना चाहिए जिसका अनुमान लगाना आसान न हो और जिसे दूसरे अकाउंट्स के लिए इस्तेमाल न किया गया हो।

अकाउंट नहीं मिल रहा तो पहचान के जरिए खोजें

अगर सामान्य तरीके से अकाउंट नहीं मिल रहा है तो पहले इस्तेमाल किए जा चुके डिवाइस से फेसबुक का अकाउंट आइडेंटिफिकेशन पेज खोलकर रिकवरी की कोशिश की जा सकती है। यहां अकाउंट से जुड़े मोबाइल नंबर या ईमेल एड्रेस को दर्ज करें। जरूरत पड़ने पर नाम या यूजरनेम से भी अकाउंट खोजा जा सकता है।

अकाउंट मिलने के बाद फेसबुक की ओर से दिए गए रिकवरी विकल्पों का पालन करना होगा। यदि “No longer have access to these?” विकल्प दिखाई देता है, तो उसे चुनकर आगे बढ़ा जा सकता है। कुछ मामलों में नई कॉन्टैक्ट जानकारी देने के लिए कहा जा सकता है। इसके बाद फेसबुक की ओर से पहचान की पुष्टि के लिए दिए गए सुरक्षा चरण पूरे करने होंगे।

सत्यापन सफल होने के बाद पासवर्ड रीसेट करने के निर्देशों का पालन कर नया पासवर्ड सेट किया जा सकता है।

ग्रिवांस ऑफिसर का विकल्प भी मौजूद

अगर सेल्फ-सर्विस रिकवरी के सभी विकल्प काम नहीं करते हैं, तो फेसबुक के ग्रिवांस ऑफिसर से संपर्क करने का विकल्प इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, पहले फेसबुक की ओर से उपलब्ध सामान्य अकाउंट रिकवरी प्रक्रिया आजमाने की सलाह दी जाती है।

अकाउंट वापस मिलने के बाद लॉगिन अलर्ट और Two-Factor Authentication (2FA) को सक्रिय करना सुरक्षा के लिहाज से उपयोगी है। साथ ही सिक्योरिटी सेटिंग्स में जाकर हाल में अकाउंट में लॉगिन किए गए डिवाइस और उन ऐप्स की भी जांच करनी चाहिए, जिन्हें फेसबुक अकाउंट की जानकारी इस्तेमाल करने की अनुमति मिली हुई है।

Related Articles

Back to top button