AI एजेंट्स की मनमानी रोकने के लिए Nvidia ने लॉन्च किया नया सिक्योरिटी प्लेटफॉर्म

नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एजेंट्स की बढ़ती स्वायत्तता और उनसे जुड़े सुरक्षा जोखिमों के बीच चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया ने नया सिक्योरिटी प्लेटफॉर्म पेश किया है। कंपनी का यह सिस्टम AI एजेंट्स के कामकाज पर सीमाएं तय करने और उन्हें तय दायरे से बाहर जाने से रोकने के लिए तैयार किया गया है।
एनवीडिया ने सोमवार को ‘ओपन एजेंट सेफ्टी प्लेटफॉर्म’ लॉन्च किया। कंपनी के मुताबिक, इसमें एडवांस सॉफ्टवेयर शामिल है, जो AI एजेंट्स के लिए स्पष्ट सुरक्षा सीमाएं निर्धारित करने में मदद करता है।
यह प्लेटफॉर्म ऐसे समय में आया है जब कई बड़ी AI कंपनियों के सिस्टम द्वारा दूसरे संगठनों के सिस्टम में अनधिकृत तरीके से प्रवेश करने की घटनाएं सामने आई हैं। AI मॉडल्स की बढ़ती स्वायत्त क्षमता को लेकर टेक्नोलॉजी क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ी हैं।
एनवीडिया के एंटरप्राइज AI के वाइस प्रेसिडेंट जस्टिन बोइटानो ने दावा किया कि अगर नए प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल शुरुआती मॉडल इवैल्यूएशन के दौरान किया गया होता, तो हाल में सामने आई कुछ हैकिंग घटनाओं को रोका जा सकता था।
AI एजेंट्स से जुड़ी सुरक्षा घटनाओं में OpenAI के मॉडल्स द्वारा हगिंग फेस और एक ऑस्ट्रेलियाई स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट में सेंध लगाने के मामले भी सामने आए हैं। इसके अलावा Anthropic और Meta ने भी अपने AI सिस्टम्स से जुड़ी ऐसी घटनाओं को स्वीकार किया है।
एनवीडिया के अनुसार, प्लेटफॉर्म लॉन्च होने के साथ ही 100 से अधिक कंपनियों ने इसे अपनाना शुरू कर दिया है। इनमें Microsoft, Perplexity, Accenture और JPMorgan Chase जैसी कंपनियां शामिल हैं।



